आजमगढ़। माइक्रो फाइनेंस इंडस्ट्री नेटवर्क (MFIN) — जो भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा मान्यता प्राप्त NBFC-MFI के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का स्व-नियामक संगठन है — द्वारा मंगलवार को श्री श्याम मैरिज हॉल, पहलवान तिराहा, हरबंसपुर, आजमगढ़ में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को वित्तीय मामलों की समझ देना और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार के लिए प्रेरित करना था। इसमें प्रतिभागियों को बचत, निवेश, ऋण प्रबंधन, बजटिंग, बीमा और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए MFIN के रीजनल हेड विजय वाधवा ने कहा, “वित्तीय साक्षरता जीवन का एक आवश्यक हिस्सा है। हमें अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए और भ्रामक अभियानों से सावधान रहना चाहिए।” उन्होंने बताया कि आजमगढ़ जिले में 57 माइक्रो फाइनेंस कंपनियां कार्यरत हैं, जो सभी RBI द्वारा विनियमित हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी (नाबार्ड) मोहम्मद आरिफ खान, जिला समन्वयक सूरज कुमार (सेण्टर फॉर फाइनेंशियल इन्क्लूजन), एल एंड टी फाइनेंस लिमिटेड से कमलेश मिश्रा (जोनल हेड), आशुतोष कुमार (रीजनल मैनेजर), सिद्धार्थ कुमार (ट्रेनिंग मैनेजर) तथा आरोहन फाइनेंशियल सर्विसेज से भवानी शंकर (जोनल हेड), सुमंत कुमार (एरिया हेड) और संजय कुमार (ट्रेनिंग मैनेजर) सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने MFIN की पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी जरूरत के अनुसार ही ऋण लेना चाहिए और समय पर उसकी अदायगी करनी चाहिए।
यह कार्यक्रम एल एंड टी फाइनेंस लिमिटेड और आरोहन फाइनेंशियल सर्विसेज के सहयोग से आयोजित किया गया।
