कुचायकोट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बलिवन रायमल के छात्रों का दल मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर वाल्मीकि धाम पहुंचा। प्रधानाध्यापक सिकंदर यादव के नेतृत्व में छात्रों ने ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान छात्रों ने वाल्मीकि धाम स्थित माता सीता आश्रम, लव-कुश जन्मस्थली, महर्षि वाल्मीकि आश्रम, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, गंडक बराज तथा इको पार्क का अवलोकन किया।

प्रधानाध्यापक सिकंदर यादव ने विद्यार्थियों को प्रत्येक स्थल के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह वही पावन स्थल है जहां महर्षि वाल्मीकि का आश्रम था और यहीं भगवान श्रीराम के पुत्र लव-कुश का जन्म हुआ था। अश्वमेध यज्ञ के दौरान लव-कुश ने अपने पराक्रम से पूरी सेना को पराजित कर दिया था।

शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों को धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यावरणीय जानकारी मिली। प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से देखकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

मौके पर शिक्षक बच्चा शर्मा, कुमारी नेहा, शालू द्विवेदी, कुमारी दीक्षा सहित अन्य छात्र-छात्राएं एवं रसोईया उपस्थित रहीं।