गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत बलथरी चेक पोस्ट के पास बुधवार को उत्पाद थाना द्वारा जब्त की गई भारी मात्रा में शराब का विनष्टीकरण किया गया। इस दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ उत्पाद विभाग के कई पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि जिले के उत्पाद थाना गोपालगंज द्वारा 19 अलग-अलग मामलों में जब्त कुल 4497.76 लीटर शराब के विनष्टीकरण का आदेश न्यायालय से प्राप्त हुआ था। न्यायालय के आदेश के आलोक में निर्धारित स्थल पर मजिस्ट्रेट और वरीय अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी मशीन की सहायता से शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए शराब विनष्टीकरण की संपूर्ण कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। उत्पाद विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।