रामकोला थाना क्षेत्र के बड़हरा बाबू स्थित दीक्षित टोला में कक्षा 11 की एक छात्रा ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और होली की तैयारियां शोक में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार दीक्षित टोला निवासी 16 वर्षीय किशोरी कक्षा 11 की छात्रा थी। सोमवार की शाम वह मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इस दौरान परिजनों ने उसे मोबाइल पर बात करने से मना किया, जिससे वह नाराज हो गई।
इसके बाद छात्रा कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर छत के कुंडे से फंदा लगाकर झूल गई। कुछ देर बाद जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि परिजन इस संबंध में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। थानाध्यक्ष धनवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
