खुखुंदू थाना क्षेत्र के सुरहां गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक ग्राइंडर मशीन से सरिया काट रहा था।

मृतक की पहचान सुरहां गांव निवासी राजा प्रसाद के बड़े पुत्र रुदल प्रसाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गांव के मुख्य मार्ग किनारे उसके नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्राइंडर मशीन का तार कटा हुआ था, जिससे रुदल अचानक बिजली की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत हो गया।

परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज देवरिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी अनीता देवी, छह वर्षीय बेटा अजय, पांच वर्षीय बेटी आरुषि, तीन वर्षीय बेटी आरुही और दो वर्षीय बेटा गुगुल को छोड़ गया है। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव गांव पहुंचा, जहां शोक का माहौल बना रहा।

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।