देवरिया – खुखुंदू थाना क्षेत्र के चोरडीहा गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक मकान में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे लगभग 50 हजार रुपये नकद, 12 से अधिक सोने के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोर छत के रास्ते घर के अंदर घुसे और जिन कमरों में लोग सो रहे थे, उनकी कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद बाकी कमरों की तलाशी लेकर बैग और बक्सों के ताले तोड़ दिए।
रात करीब दो बजे परिवार की 14 वर्षीय बच्ची की नींद खुलने पर चोरी की जानकारी हुई। उसके शोर मचाने पर घरवाले जागे और बाहर से बंद कुंडी खोली गई। ग्रामीणों ने तुरंत चोरों की तलाश शुरू की, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में वारदात को लेकर दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
