गोपालगंज। आज दिनांक 06 दिसंबर 2025 को भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर गोपालगंज में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने अम्बेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंबेडकर जी केवल एक महापुरुष नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समता और मानवाधिकार की आवाज़ हैं, जिनकी विचारधारा हमें सदैव संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार, वरीय उप समाहर्ता संदीप कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, कोषागार पदाधिकारी शशिकांत आर्या, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार और अजय कुमार सहित कई अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के जीवन आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में सद्भाव, समानता और विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित अधिकारियों और नागरिकों ने “ज्ञान, समानता और न्याय” के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रण लिया।
