गोपालगंज। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में उधार में सामान नहीं देने से नाराज कुछ लोगों ने एक किराना दुकानदार पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल दुकानदार को इलाज के लिए बैकुंठपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर गांव निवासी टुनटुन प्रसाद गांव में ही किराना दुकान चलाते हैं। बुधवार को कुछ लोग उधार में सामान लेने उनकी दुकान पर पहुंचे। दुकानदार द्वारा उधार देने से मना करने पर वे लोग नाराज हो गए और दुकान में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू दुकानदार के सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घायल दुकानदार ने पुलिस को बताया कि हमलावरों से उसका पूर्व में कोई विवाद नहीं था और केवल उधार में सामान नहीं देने के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
