गोपालगंज: नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मुहल्ले में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कुछ लोग शव लेकर भाजपा नेता राजेश वर्णवाल के घर के पास दाह संस्कार करने पहुंचे। इसका भाजपा नेता ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच गहमा-गहमी शुरू हो गई।

सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष परवीन कुमार प्रभाकर और सदर सीओ रजत कुमार वर्णवाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। जांच में पाया गया कि जिस भूमि पर दाह संस्कार किया जा रहा था, वह सरकारी रिकॉर्ड में श्मशान की भूमि के रूप में दर्ज है। इसके बाद प्रशासन की अनुमति से दाह संस्कार कराया गया।

ग्रामीणों का कहना था कि वे वर्षों से इसी स्थान पर अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं, जबकि भाजपा नेता का तर्क था कि घर के मुख्य दरवाजे के सामने चिता जलाने से स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी परेशानी हो रही है। सीओ ने जमीन के सीमांकन और अभिलेखों की जांच कराने की बात कही है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए गश्त कर रही है।