शहर के मौनीया चौक के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से ‘स्वदेशी संकल्प स्टॉल’ लगाया गया। स्टॉल के माध्यम से भाजपा नेताओं ने आम लोगों से स्वदेशी अपनाने की अपील की और ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ अभियान के तहत आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर भाजपा विधायक सुबास सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के आह्वान को धरातल पर उतारने और विकसित भारत के व्यापक लक्ष्य को हासिल करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने की अपील की।
जिलाध्यक्ष संदीप गिरी ने कहा कि देश में बने उत्पादों का उपयोग करने से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को लेकर आम नागरिकों को जागरूक किया गया।
स्वदेशी संकल्प स्टॉल पर स्थानीय कारीगरों के सजावटी सामान, मिट्टी के बर्तन, खादी और स्वदेशी वस्त्रों के साथ-साथ किसानों द्वारा उगाए गए प्राकृतिक और जैविक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में लोगों की अच्छी भागीदारी देखी गई।
