गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में बुधवार को करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भरत यादव के पुत्र राजीव यादव के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह राजीव खेत में पटवन के लिए मोटर चालू करने गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। जब परिवार के सदस्यों की नजर उस पर पड़ी तो वे आनन-फानन में उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन दहाड़ मारकर रोते नजर आए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद स्वजन शव लेकर घर रवाना हो गए। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
