गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के सुन्दरपट्टी नहर के समीप मंगलवार की देर रात वाहन जांच के दौरान पुलिस ने शराब की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नगर थाने की पुलिस टीम द्वारा की गई, जो पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देश पर सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी।

जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में देसी और विदेशी शराब व बीयर के कार्टन बरामद किए गए। मौके से पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के विशुनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरड़िया गांव निवासी किशुन यादव के पुत्र ब्यास यादव के रूप में हुई है।

नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि पिकअप वाहन से कुल 711 लीटर देसी शराब और 183.640 लीटर विदेशी शराब व बीयर जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लेकर आ रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, शराब की खेप कहां ले जाई जा रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।