गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आधी रात एक महादलित परिवार की झोपड़ी में आग लगा दी गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो रहे थे। अचानक झोपड़ी में आग लगने से पूरा घर आग की चपेट में आ गया। किसी तरह परिवार के लोगों ने बच्चों के साथ बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

पीड़ित अर्जुन मांझी ठेला चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस घटना में उनका ठेला भी जलकर नष्ट हो गया, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों का आरोप है कि सुबह तक सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय सरपंच अशोक प्रसाद ने बताया कि एक माह पहले भी इसी तरह एक और घर में आगजनी की घटना हुई थी, लेकिन पीड़ित को अब तक कोई सहायता नहीं मिल सकी है।

उन्होंने इलाके में नशेड़ियों के बढ़ते जमावड़े पर चिंता जताई और कहा कि प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। मुखिया प्रतिनिधि अरविंद मिश्र ने भी पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।