गोपालगंज। शहर के जंगलिया मोड़ पर सोमवार को आपसी विवाद को लेकर दो छात्र गुटों के बीच चाकूबाजी की घटना सामने आई। इस दौरान एक पक्ष के दो तथा दूसरे पक्ष के एक छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
घायलों की पहचान शहर के अरार मोड़ निवासी आर्यन कुमार, कालेज रोड निवासी आदित्य कुमार तथा थावे थाना क्षेत्र के लक्षवार गांव निवासी फरिदुल हक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आर्यन कुमार और फरिदुल हक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार को कोचिंग पढ़ाई के दौरान विवाद और बढ़ गया। कोचिंग से निकलने के बाद दोनों पक्षों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की योजना बनाई और चाकू से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो छात्रों को हिरासत में लेकर नगर थाना ले गई। वहीं इलाज के बाद घायल छात्रों को भी पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
