गोपालगंज। जादोपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में रविवार को ऑटो और ई-रिक्शा के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में ई-रिक्शा सवार पांच यात्री जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, हरिहरपुर गांव के समीप एक ई-रिक्शा में पांच यात्री सवार होकर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक ऑटो ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में बैठे यात्री सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस हादसे में कुचायकोट थाना क्षेत्र के दलेया गांव निवासी लीलावती देवी, सीता देवी, खुशबू कुमारी, पुष्पा देवी सहित पांच यात्री घायल हुए हैं। घटना के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर जादोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन में जुट गई है। पुलिस फरार ऑटो चालक की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।