गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में रविवार को बिहार ग्रामीण सेवा संघ के विभिन्न पदों के लिए चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। निर्धारित समयावधि के दौरान जिले के कुल नौ सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए कुचायकोट के प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार मिश्रा को पीठासीन पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। वहीं डीआरडीए निदेशक राकेश चौबे चुनाव प्रेक्षक के रूप में मौजूद रहे और उनकी निगरानी में मतदान प्रक्रिया पूरी की गई।
पीठासीन पदाधिकारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए तीन तथा महासचिव पद के लिए भी तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सभी प्रत्याशियों के समर्थकों में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मतदान समाप्त होने के बाद मतों की सूची प्रदेश कार्यालय को भेज दी गई है। प्रदेश स्तर पर सभी जिलों से प्राप्त मतों की गणना के बाद विजयी उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
चुनाव परिणाम को लेकर सदस्यों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। अब सभी की निगाहें अंतिम परिणाम की घोषणा पर टिकी हैं।
