क्रिसमस दिवस के अवसर पर गोपालगंज सदर प्रखंड के तिरविरवा गांव के समीप चर्च के पास बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चर्च से लौट रही कुछ महिलाओं और युवतियों से संवाद किया तथा उन्हें अपने-अपने धर्म और परंपराओं के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं है, बल्कि हिंदू धर्म की परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। इसी क्रम में महिलाओं और युवतियों को तुलसी का पौधा भेंट किया गया और तुलसी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं औषधीय महत्व की जानकारी दी गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि तुलसी का पौधा हिंदू धर्म में पूजनीय माना जाता है और इसे घर में लगाने से सकारात्मक वातावरण बनता है।

कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के सदस्य शैलेश दुबे सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सांस्कृतिक चेतना बढ़ाने के उद्देश्य से किए जाते हैं। कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से लोगों से संवाद किया और किसी प्रकार की जबरदस्ती या विवाद की स्थिति नहीं बनी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण रहा। बजरंग दल के सदस्यों ने अपील की कि सभी लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ एक-दूसरे के धर्म और परंपराओं का सम्मान करें।