गोपालगंज के विजयीपुर थाना क्षेत्र के माडर घाट गांव में खेत में काम करने से मना करने पर एक कामगार की पिटाई कर दी गई। बुधवार को हुए इस मामले में जख्मी कामगार सुनील राम को पहले विजयीपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित ने बताया कि उसने खेत में काम करने से इंकार किया था, जिसके बाद पड़ोस के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जख्मी का बयान दर्ज किया और मामले की जांच में जुट गई है।
