गोपालगंज। आगामी 26 जनवरी 2026 को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के भव्य और सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में समाहरणालय सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में झंडोत्तोलन, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, खेलकूद, माल्यार्पण, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह मिंज स्टेडियम, गोपालगंज में आयोजित किया जाएगा। समारोह में झंडोत्तोलन, परेड, स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। कार्यक्रम के लिए मंच, साउंड सिस्टम, प्रकाश, पेयजल और बैठक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। वहीं 26 जनवरी की सुबह शहर के प्रमुख मार्गों से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें स्कूली बच्चे और सामाजिक संगठनों के लोग भाग लेंगे।
खेलकूद कार्यक्रम के तहत पत्रकार एकादश और पदाधिकारी एकादश के बीच फैन्सी क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया जाएगा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
