गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के चौराव गांव में शनिवार देर रात गेहूं के खेत में भीषण आग लगने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब एक एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी पक चुकी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं ग्रामीणों ने भी अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के खेतों में भी खतरा बना रहा, जिससे किसान काफी चिंतित नजर आए। बाद में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए प्रयास शुरू किया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर किसी चिंगारी या लापरवाही को वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना से प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है।