गोपालगंज जिले में रसोई गैस को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार की गैस की कमी नहीं है। एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के आधार पर जानकारी दी गई कि सभी एजेंसियों के माध्यम से नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है।
जिलाधिकारी के अनुसार, आईओसीएल के 26 विक्रेताओं के पास 8013 सिलेंडर, बीपीसीएल के आठ विक्रेताओं के पास 4237 सिलेंडर और एचपीसीएल के 12 विक्रेताओं के पास 4820 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इस प्रकार जिले में कुल 17070 गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए प्रखंड स्तर पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
साथ ही शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां 06156-227007, 227507, 227508, 227509 और 227510 नंबर जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है।
