गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित डुमरिया गांव में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर झोपड़ी में जा घुसी। इस घटना में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बस चला रहा युवक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही गोपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायल महिला नूरजहां खातून को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा बाजार स्थित डीआरपीएम एकेडमी की स्कूल बस बच्चों को लेने डुमरिया गांव आई थी। बताया जाता है कि चालक बस खड़ी कर किसी काम से चला गया था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक बस में बैठकर उसे चलाने लगा, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे पास की झोपड़ी में जा घुसी।

इस हादसे में झोपड़ी के पास खड़े जहीरूद्दीन के चार वर्षीय पुत्र आरिफ नट और मुमताज के तीन वर्षीय पुत्र इम्तियाज की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने घायल महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

गोपालपुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि स्कूल बस को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।