गोपालगंज। कुचायकोट प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र में अहिरौली दान से लेकर बिशुनपुर पुल तक बना नवनिर्मित बांध जर्जर हालत में पहुंच चुका है, जिससे यह अब आम लोगों के लिए जानलेवा बन गया है। इस रास्ते से रोजाना गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस टूटे-फूटे बांध पर साइकिल और मोटरसाइकिल सवार अक्सर गिरकर घायल हो रहे हैं, बावजूद इसके अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। यह रास्ता यूपी के अहिरौली दान, भसई काला, मटिहनिया, फुलवरिया, पटेलनगर, विशंभरपुर और भगवानपुर होते हुए बिशुनपुर-मंगलपुर पुल से अरेराज, बेतिया, मोतिहारी, रक्सौल और नेपाल जाने का प्रमुख मार्ग है, जिससे हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलती थी।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन और हंगामा किया गया, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बाढ़ और कटाव के समय आपदा राहत सामग्री लाने-ले जाने में भी इस जर्जर बांध के कारण गंभीर दिक्कतें हो रही हैं।
सरपंच प्रतिनिधि हरिनारायण पटेल, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि जयप्रकाश प्रसाद, बीडीसी सुरेंद्र सिंह सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
