गोपालगंज।
केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई जी राम जी योजना के तहत श्रमिकों को 125 दिनों का कार्य गारंटी के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। यह योजना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू की गई है। यह बातें बैकुंठपुर से भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहीं।
विधायक ने कहा कि जी राम जी योजना गरीब, मजदूर और जरूरतमंद वर्ग के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। योजना का मुख्य उद्देश्य हर हाथ को काम देना और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना है। इसके माध्यम से श्रमिकों को निश्चित अवधि तक रोजगार की गारंटी मिलेगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक मिथिलेश तिवारी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार अपने कार्यकाल में योजनाओं के नाम गांधी परिवार के सदस्यों के नाम पर रखा करती थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नाम पर कोई योजना नहीं चलाई और हमेशा देशहित को प्राथमिकता दी है।
लैंड फॉर जॉब मामले का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि इस प्रकरण में लालू प्रसाद यादव को कोर्ट द्वारा दोषी ठहराया गया है और उन्हें उनके कर्मों की सजा अवश्य मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गोपालगंज जिले के भी कई लोगों की जमीन लेकर नौकरी दी गई, जिसकी जांच सीबीआई ने की है।
इसके अलावा विधायक ने बताया कि बिहार और केंद्र सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। थावे मंदिर में हुई आभूषण चोरी की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि प्रशासन पर दबाव बनाया गया है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
