गोपालगंज। जादोपुर थाना क्षेत्र के बंगरी गांव में शुक्रवार को शादी समारोह के समापन के बाद टेंट खोलने के दौरान एक कामगार हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बंगरी गांव निवासी जलेंद्र महतो का 20 वर्षीय पुत्र अमित कुमार गांव के ही एक टेंट हाउस में काम करता है। शुक्रवार को गांव में आयोजित शादी समारोह के बाद वह टेंट खोलने गया था। इसी दौरान पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। करंट लगने से उसके शरीर पर कई जगह गंभीर जख्म हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, परिजनों ने टेंट हाउस के मालिक पर जबरन हाईटेंशन तार के पास से पाइप खोलने के लिए भेजने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
