गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र में एनएच 27 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। महम्मदपुर ओवरब्रिज के समीप राधा होटल के पास मोतिहारी की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में हरपुर टेंगराही गांव के 62 वर्षीय कृष्ण बिहारी मिश्र और प्रदीप मिश्र घायल हो गए। दोनों को तुरंत सिधवलिया सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने कृष्ण बिहारी मिश्र को मृत घोषित कर दिया। प्रदीप मिश्र का उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, फरार चालक व खलासी की तलाश के बीच पुलिस ने ट्रक को सिधवलिया थाना क्षेत्र के सुपौली स्थित पेट्रोल पंप के पास से जब्त कर लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं। बुजुर्ग की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
