गोपालगंज।

महम्मदपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महम्मदपुर–छपरा मुख्य मार्ग पर दुकान चलाने वाले एक दवा व्यवसायी को अज्ञात बदमाशों ने फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी है। एक नहीं, बल्कि दो बार फोन कर दबाव बनाया गया, जिससे व्यवसायी और उसका परिवार दहशत में है। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और व्यवसायी से पूछताछ भी की गई है।

जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के कुशहर गांव निवासी दवा व्यवसायी विकास कुमार सिंह 6 फरवरी को अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले बदमाश ने सीधे तौर पर 50 लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। अचानक आई इस धमकी से व्यवसायी घबरा गए और तुरंत अपने परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को घटना से अवगत कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम ने व्यवसायी को नगर थाना बुलाकर विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ के दौरान विकास कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों ने एक ही नंबर से दो बार फोन किया था और हर बार रंगदारी की मांग दोहराई गई।

जांच में एक चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि इसी नंबर से शहर के अरार मोड़ स्थित एक ऑटोमोबाइल दुकानदार और थावे थाना क्षेत्र के धतिवना गांव के एक अन्य व्यवसायी को भी रंगदारी की धमकी दी गई थी। इससे पुलिस को शक है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है, जो व्यापारियों में भय फैलाकर अवैध वसूली करना चाहता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की जा रही है। संदिग्ध नंबर की तकनीकी जांच कराई जा रही है और जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।