गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के इंदरवा गांव के समीप बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि महिला को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फुलवरिया थाना क्षेत्र के पांडेय परसा गांव निवासी शाहिद अली अपनी पत्नी और बेटी शुमायरा सिद्दीकी के साथ बाइक से थावे इलाज के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे इंदरवा गांव के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण शाहिद अली और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पत्नी को मामूली चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों ने बताया कि शाहिद अली करीब दस दिनों बाद रोजगार के लिए विदेश जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही वह सड़क हादसे का शिकार हो गए। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
