गोपालगंज: कुचायकोट थाना क्षेत्र के ढोढ़वलिया गांव के समीप एनएच-27 पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी उमेश पटेल के पुत्र राहुल कुमार और अर्जुन ठाकुर के पुत्र युवराज कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान ढोढ़वलिया गांव के पास एनएच-27 पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद राहुल कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे गोरखपुर रेफर कर दिया, जबकि दूसरे युवक का इलाज जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे, जिससे चोटें गंभीर हो गईं।
