गोपालगंज नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर समाहरणालय सभा कक्ष में बुधवार को बैठक एवं निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने की, जिसमें नगर परिषद के सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी ने सदस्यों को निर्वाचन प्रक्रिया, नियमों और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। व्हाइट बोर्ड के माध्यम से नामांकन, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को सरल ढंग से समझाया गया, जिससे सभी पार्षदों को पूरी प्रक्रिया स्पष्ट रूप से समझ में आ सके।

निर्धारित समय के भीतर तीन सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल किए गए। सदस्य संख्या-एक के लिए तनवीर अहमद और दीपक कुमार के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें दीपक कुमार ने 23 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। सदस्य संख्या-दो के लिए राहुल कुमार एकमात्र उम्मीदवार रहे और वे निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं सदस्य संख्या-तीन के लिए शीतल कुमारी गुप्ता ने 24 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि दीपा कुमारी को तीन मत मिले।

मतदान प्रक्रिया में कुल 28 वार्ड पार्षदों ने भाग लिया। मतदान के बाद मतपेटी को सील कर सभी की उपस्थिति में मतगणना की गई, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रही।

निर्वाचन के बाद सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया और उन्हें गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए नगर विकास कार्यों में सक्रिय योगदान की अपेक्षा जताई।