गोपालगंज जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। शहर के नए पुलिस केन्द्र स्थित जिला विधि विज्ञान इकाई में गुरुवार को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों को वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लाइन डीएसपी सुबोध कुमार की उपस्थिति रही, जबकि अध्यक्षता वरीय फॉरेंसिक वैज्ञानिक प्रणव कुमार राय ने की। कार्यक्रम में जिले के प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टरों के साथ-साथ सभी थानों से एक-एक पुलिस पदाधिकारी भी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को घटनास्थल निरीक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, साक्ष्य संकलन की वैज्ञानिक विधियां, केस डायरी लेखन में सटीकता और नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि वैज्ञानिक तरीके से जांच करने पर अपराधों के खुलासे में तेजी और सटीकता आती है।

वरीय फॉरेंसिक वैज्ञानिक प्रणव कुमार राय ने बताया कि जिले में स्थापित राज्य के पहले जिला स्तरीय फॉरेंसिक संग्रहालय के माध्यम से प्रशिक्षुओं को व्यवहारिक रूप से अनुसंधान की बारीकियां समझाई गईं। इससे पुलिस जांच की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं की परीक्षा भी ली गई, जिसमें श्रीपुर थाने के पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार ने प्रथम, विश्वंभरपुर थाने के सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने द्वितीय और नगर थाने के प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जांच प्रक्रिया को और अधिक मजबूत और आधुनिक बनाया जा सकेगा।