गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में बिजली का तार जोड़ने के विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। शनिवार को बिजली पोल पर तार जोड़ने पहुंचे एक अधेड़ व्यक्ति के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से हमला कर दिया। मारपीट की इस घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य तीन सदस्य भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

मारपीट में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में लालबाबू यादव, उनके पुत्र नीरज कुमार, चंदन कुमार तथा शिवम कुमार शामिल हैं।

घायल लालबाबू यादव ने बताया कि उनके घर पर बिजली का कनेक्शन होने के बाद बिजली विभाग के कर्मी सप्लाई चालू करने के लिए नजदीक स्थित पोल पर तार जोड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान पड़ोस के कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए बिजली का तार जोड़ने से मना कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

लालबाबू यादव ने बताया कि जब उनके पुत्र और परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपितों ने उन्हें भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद परिजन घायलों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

घटना की सूचना मिलने के बाद जादोपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।