गोपालगंज जिले के मांझागढ़ प्रखंड में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह प्रशिक्षण सोमवार से माधव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रगणक और सुपरवाइजर भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण को तीन बैचों में विभाजित किया गया है, ताकि सभी संबंधित कर्मियों को व्यवस्थित तरीके से प्रशिक्षण दिया जा सके। प्रथम बैच में मांझा पश्चिमी और मांझा पूर्वी पंचायत के कर्मी शामिल हुए। वहीं द्वितीय बैच में बंगरा और प्रतापपुर पंचायत के प्रगणक एवं सुपरवाइजर भाग ले रहे हैं। तृतीय बैच में देवापुर शेख पुर्दिल और पुरैना पंचायत के कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। प्रगणकों को घर-घर जाकर सही तरीके से आंकड़ा संग्रह करने, फॉर्म भरने की प्रक्रिया, ऑनलाइन और ऑफलाइन डेटा एंट्री के तरीके समेत अन्य जरूरी बिंदुओं की जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की जा रही है।

यह प्रशिक्षण शिविर प्रखंड चार्ज पदाधिकारी सह बीडीओ विनित कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।