गोपालगंज जिले के मांझागढ़ प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को ‘प्रशासन चलें आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे और सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में राजस्व, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के जिला व प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों की समस्याएं सुनी गईं।

जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। डीएम के पहुंचते ही कार्यक्रम में लोगों की भीड़ और बढ़ गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के विभिन्न गांवों से करीब 50 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश भूमि विवाद से जुड़े थे। मधुसरया गांव के जंगी लाल राम ने आवेदन देकर गैरमजरुआ भूमि की लगान रसीद कटवाने की मांग की।

इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विनीत कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. तारिक इब्राहिम, स्वास्थ्य कर्मी अविनाश पटेल, राजस्व कर्मचारी शशिभूषण सिंह, अंचल कर्मी श्यामदेव मांझी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और प्रशासन को लोगों के करीब लाना था। इस पहल से ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा और उन्हें अपनी बात सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला।