जिले के फुटपाथ दुकानदारों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर के समीप गोपालगंज क्लब गेट के बाहर फुटपाथ पर आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व माले नेता आजाद शत्रु ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में फुटपाथी दुकानदार शामिल हुए और एक स्वर में वेंडर जोन बनाए जाने की मांग उठाई।

बैठक में दुकानदारों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन अतिक्रमण हटाने के नाम पर गलत तरीके से उनकी रोजी-रोटी छीन रहा है। माले नेता आजाद शत्रु ने कहा कि फुटपाथ दुकानदारों की बैठक गोपालगंज क्लब परिसर के पार्किंग स्थल में प्रस्तावित थी, लेकिन वहां प्रवेश से रोक दिया गया। उन्होंने इस घटना की तुलना ब्रिटिश हुकूमत से करते हुए कहा कि जिस तरह उस दौर में “कुत्तों और भारतीयों का प्रवेश वर्जित” जैसे बोर्ड लगाए जाते थे, वैसी ही मानसिकता आज गोपालगंज क्लब प्रशासन में दिखाई दे रही है। गरीब भारतीयों को क्लब परिसर में प्रवेश से रोकना न केवल अपमानजनक है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि बिना किसी स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था के फुटपाथ दुकानदारों को उजाड़ना अमानवीय है। यह हजारों गरीब परिवारों की रोजी-रोटी का सवाल है। प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा बुलडोजर सीधे गरीबों के पेट पर चल रहा है। यदि इस तरह की कार्रवाई पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो इसके खिलाफ व्यापक और मजबूत आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में मौजूद फुटपाथ दुकानदारों ने कहा कि वे वर्षों से ईमानदारी से व्यवसाय कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं, लेकिन अचानक अतिक्रमण हटाने के नाम पर उन्हें बेरोजगार किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पहले वेंडर जोन की व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही किसी भी प्रकार की कार्रवाई हो।

बैठक में संदीप कुमार गुप्ता, अशोक साह, वीरेंद्र साह, राकेश सिंह, अरुण कुमार, सलीम अहमद, राज कुमार राम, महेश प्रसाद सहित सैकड़ों फुटपाथ दुकानदार मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।