गोपालगंज। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के तहसील चौक के पास गुरुवार को सीएसपी संचालिका से लूट का प्रयास किया गया, लेकिन समय रहते सतर्कता और शोर मचाने से बड़ी वारदात टल गई। बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। लूट के प्रयास की पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, राजापट्टी बाजार में सीएसपी संचालित करने वाली माला देवी दीघवा दुबौली बैंक से रुपये लेकर अपने केंद्र की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने तहसील चौक के पास झपट्टा मारकर उनके हाथ में लिए थैले को छीनने का प्रयास किया। हालांकि बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और आगे बढ़ते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद माला देवी ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में इसी सीएसपी संचालिका के पति रामनारायण सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक ही परिवार को दोबारा अपराधियों द्वारा निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है