गोपालगंज जिले के सदर प्रखंड स्थित चैनपट्टी भाजपा कार्यालय में पार्टी का 47वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी चुनावों की तैयारी पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही जीत की कुंजी है।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष संदीप गिरी और विधायक सुभाष सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का 47 वर्षों का इतिहास सेवा, संघर्ष और समर्पण का रहा है और पार्टी लगातार जनसेवा के कार्यों में जुटी है।
सांसद सिग्रीवाल ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का निर्देश देते हुए कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए अब सभी को चुनावी मोड में आना होगा। उन्होंने सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ सभी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकता से पार्टी आगामी चुनावों में सफलता हासिल करेगी।
