गोपालगंज :
गोपालपुर थाना क्षेत्र के बरईपट्टी बड़हरा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दूसरे पक्ष के सात लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, बरईपट्टी बड़हरा गांव निवासी सुभाष महतो अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर के पास बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी पक्ष के लोग मौके पर पहुंचकर विवादित जमीन पर कब्जा करने लगे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर सुभाष महतो, सोनू कुमार, ज्ञांति देवी, माला देवी, रजानती देवी, सबिता देवी और कृष्णा कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को कुचायकोट सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।