गोपालगंज मिडिएशन काउंसिलिएशन प्रोजेक्ट समिति, नई दिल्ली एवं नालसा, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में मध्यस्थता कैंपेन कार्यक्रम 2.0 का आयोजन 2 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक किया जा रहा है। इस अभियान की सफलता को लेकर आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को व्यवहार न्यायालय, गोपालगंज के नए भवन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गीता गुप्ता ने की। इस बैठक में व्यवहार न्यायालय, गोपालगंज के सभी न्यायिक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी न्यायिक अधिकारियों को अपने-अपने न्यायालयों में लंबित वादों की समीक्षा कर अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों को चिन्हित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवाद, बीमा वाद, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस केस, कमर्शियल डिस्प्यूट, सर्विस मैटर, सुलहनीय आपराधिक वाद, उपभोक्ता वाद, राजस्व वाद, बंटवारा वाद, बेदखली वाद, भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामले सहित अन्य वादों को मध्यस्थता केंद्र भेजा जाए, ताकि आपसी सुलह के माध्यम से त्वरित और प्रभावी न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के दौरान न्यायिक अधिकारियों को यह भी बताया गया कि मध्यस्थता के माध्यम से न केवल मामलों का शीघ्र निस्तारण संभव है, बल्कि पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण समाधान भी निकलता है। इस अवसर पर सभी न्यायिक पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।