गोपालगंज: दीपावली और छठ पर्व को लेकर जिले की पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने शनिवार को बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि पटाखा बेचने वाले सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना लाइसेंस और सुरक्षा उपकरणों के कोई भी पटाखा न बेचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसपी दीक्षित ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार बाजारों और पटाखा दुकानों की जांच कर रही हैं। जहां भी अनियमितता मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखे न जलाएं, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।

दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। वहीं, छठ पर्व को लेकर भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। एसपी ने बताया कि सभी प्रखंडों के सीओ, बीडीओ और थानाध्यक्ष मिलकर छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। डेंजर घाटों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी।

छठ घाटों पर पटाखा जलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। लोगों को जागरूक करने के लिए माइकिंग अभियान भी चलाया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखते हुए त्योहारों का आनंद लें