गोपालगंज। भोरे थाना क्षेत्र के बनकटा गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान चाकू और फरसा से किए गए हमले में दोनों पक्षों के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को पहले भोरे रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव के राजाराम प्रसाद और उनके पड़ोसी कमलेश प्रसाद के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को दोनों पक्ष विवादित जमीन पर कब्जा जमाने पहुंचे, जहां कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई।
हमले में एक पक्ष से कमलेश प्रसाद, उनकी पत्नी अमृता देवी, पिता शिव प्रसाद और मां शनिचरी देवी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से राजा राम प्रसाद और उनके चाचा रामप्रवेश प्रसाद गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
