गोपालगंज। बरौली विधायक मंजीत सिंह ने विधानसभा में जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले गोपालगंज में अब तक मेडिकल कॉलेज न होना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसके कारण लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे जिलों पर निर्भर रहना पड़ता है।
विधायक ने मांझा प्रखंड के धनकड़ क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भौगोलिक रूप से उपयुक्त है और यहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जिससे मेडिकल कॉलेज के साथ अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास संभव है।
मंजीत सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री से शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा, युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में रोजगार भी बढ़ेगा। उन्होंने सरकार से इस मांग को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
