गोपालगंज शहर के सदर अस्पताल परिसर में बने मॉडल अस्पताल भवन के गेट पर बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक को सुरक्षागार्ड ने इमरजेंसी वार्ड में प्रवेश करने से रोक दिया। युवक के जबरन अंदर जाने की कोशिश के बाद सुरक्षागार्ड और युवक के बीच पहले गाली-गलौच और फिर हाथापाई हो गई। इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो देखते ही देखते इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा।

जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल के मुख्य गेट और इमरजेंसी वार्ड के आसपास दलालों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए सिविल सर्जन डा. वीरेंद्र प्रसाद ने इमरजेंसी वार्ड में बाहरी लोगों और दलालों के प्रवेश पर सख्त रोक लगाने का आदेश दिया है। इसी आदेश के तहत सुरक्षागार्ड ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक युवक, जो अक्सर अस्पताल परिसर में आता-जाता था, इमरजेंसी वार्ड में घुसने की कोशिश करने लगा। रोकने पर युवक नाराज हो गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी घटना की पड़ताल कर रही है। सुरक्षागार्ड का कहना है कि दलालों की वजह से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और मना करने पर युवक ने मारपीट की।

मारपीट के बाद सख्ती:
घटना के बाद सदर अस्पताल परिसर में दलालों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सिविल सर्जन के निर्देश पर अस्पताल परिसर में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें स्पष्ट किया गया है कि केवल मरीज और उनके स्वजन ही अस्पताल में प्रवेश कर सकेंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।