गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के बरहिमा गांव में रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में एक ही पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बरहिमा गांव निवासी अजय सिंह और उनके पड़ोसियों के बीच लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष इस जमीन पर अपना-अपना कब्जा जताने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच रविवार को पड़ोस के लोगों ने विवादित जमीन पर मवेशियों का चारा और नाद रख दिया।
इसे देखकर अजय सिंह ने आपत्ति जताई और चारा हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने चाकू, फरसा और डंडों से हमला कर दिया।
हमले में अजय सिंह, मिथलेश सिंह, रितू देवी, रंजू कुमारी, अमर कुमार और सुशीला कुंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले सिधवलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
