गोपालगंज।
वेंडर दिवस के अवसर पर गोपालगंज के फुटपाथ दुकानदारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर समाहरणालय गेट पर एक दिवसीय धरना दिया। धरना कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व पार्षद सह गोपालगंज शहर स्तरीय फुटपाथ विक्रेता संघ के अध्यक्ष ने किया। धरने में बड़ी संख्या में फुटपाथ दुकानदार शामिल हुए और अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।

धरने के दौरान दुकानदारों ने स्थायी वेंडिंग जोन की व्यवस्था, पहचान पत्र जारी करने, अनावश्यक उत्पीड़न पर रोक लगाने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसी मांगें उठाईं। दुकानदारों का कहना था कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे उनके रोज़गार पर संकट बना हुआ है।

कार्यक्रम में संघ के उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, सचिव बबीता देवी, अधिवक्ता सचिन सिंह, भोला प्रसाद, अरुण कुमार सहित दर्जनों फुटपाथ दुकानदार मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इधर, फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं को लेकर पूर्व पार्षद सह मजदूर नेता ताहिर हुसैन ने गोपालगंज के विधायक सुभाष सिंह से वार्ता की। वार्ता के दौरान दुकानदारों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने दुकानदारों की मांगों पर विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।