गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवा परशुराम गांव में शराब बेचने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। विरोध करने पर कुछ लोगों ने पिता और उनके पुत्रों पर हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान शत्रुघ्न शर्मा, उनके बेटे जितेंद्र शर्मा और विश्वकर्मा शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गांव में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेचते हैं। जब शत्रुघ्न शर्मा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ, जिसके बाद घायलों को पहले कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने गांव में अवैध शराब के कारोबार और उससे जुड़े विवादों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
