गोपालगंज। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के मंगूरहा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में की गई हर्ष फायरिंग के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में निमुईया पंचायत के मुखिया विनोद सहनी के बेटे संजीत सहनी के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शादी समारोह के दौरान एक युवक को लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग करते हुए देखा जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि आपका अपना अखबार नहीं करता। वीडियो सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मांझागढ़ थानाध्यक्ष ने इसकी जांच कराई। जांच में पाया गया कि 24 नवंबर को मंगूरहा गांव में दरबारी सहनी की बेटी की शादी के दौरान यह फायरिंग की गई थी।
पुलिस ने बताया कि संजीत सहनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कानून के प्रावधानों के तहत आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल स्थिति सामान्य है और पुलिस पूरे प्रकरण पर निगरानी बनाए हुए है।
