गोपालगंज:
हथुआ थाना अंतर्गत अपराध की योजना बना रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने लोडेड देशी पिस्टल, एक अन्य देशी पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 25 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अटवा दुर्ग गांव निवासी विकाश कुमार, पिता शिवनाथ साह, अपने घर पर कुछ आपराधिक छवि के लोगों के साथ मिलकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हथुआ के निर्देशन में हथुआ थाना के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान शराब के कई मामलों में नामजद अभियुक्त विकाश कुमार को अवैध अग्नेयास्त्र और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में हथुआ थाना कांड संख्या 377/25, दिनांक 25.12.2025 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(b)a एवं 26 के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पूर्व में शराबबंदी एवं अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।
बरामद सामग्री:
एक लोडेड देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक बिना मैगजीन का देशी पिस्टल
