गोपालगंज:
हथुआ थाना क्षेत्र के अटवां दुर्ग गांव में गुरुवार की रात पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश को नाकाम करते हुए एक आरोपित को दो पिस्टल व एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित को पूछताछ के बाद शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इसकी जानकारी आनंद मोहन गुप्ता, एसडीपीओ हथुआ ने थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कुख्यात अपराधी के घर कुछ लोग हथियारों के साथ एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद हथुआ थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शोएब आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अटवां दुर्ग गांव निवासी विशाल कुमार साह को दो पिस्टल और एक कारतूस के साथ हिरासत में लिया गया।

हालांकि कार्रवाई के दौरान उसके दो अन्य साथी घने कुहासे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।