गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के बलहा गांव से बीते छह फरवरी को लापता हुए दो बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। लापता बच्चों विकास कुमार और रेहान आलम के 11 दिन बीत जाने के बाद भी बरामदगी नहीं होने पर मंगलवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई। इस दौरान एसपी ने विशेष टीम गठित कर मामले में तेजी से कार्रवाई करने का भरोसा दिया।

जानकारी के अनुसार, बलहा गांव निवासी विकास कुमार और उसका दोस्त रेहान आलम के लापता होने के बाद विकास की मां ज्ञानती देवी ने बरौली थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरौली विधायक मंजत कुमार सिंह ने भी विधानसभा में बच्चों की बरामदगी को लेकर आवाज उठाई थी।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विकास की मां ज्ञानती देवी अपनी बहन के साथ एसपी विनय तिवारी से मिलीं और बच्चों की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई। मुलाकात के बाद बाहर निकलीं मां और बहन की आंखों में आंसू थे, लेकिन एसपी की ओर से मिले आश्वासन पर उन्होंने भरोसा जताया।

ज्ञानती देवी ने बताया कि दो बेटियों के बाद विकास कुमार का जन्म हुआ था। उसके लापता होने के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और हर दिन भारी लग रहा है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद करने की अपील की है।